ऐश्वर्या राय बच्चन इंस्टाग्राम पर करेंगी डेब्यू, कान फिल्म फेस्टिवल 2018 में जाने से पहले होगी एंट्री May 10, 2018 - Now

 

ऐश्वर्या राय बच्चन, बॉलीवुड की ऐसी एक्ट्रेस हैं, जिनसे जुड़ी हर जानकारी पाने के लिए फैंस बेसब्री से इंतजार करते हैं। भले ही वह अब तक इंटरनेट की दुनिया से दूर रही हो, लेकिन उनकी तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर तुरंत वायरल हो जाती हैं। शायद यही वजह है कि ऐश ने इंस्टाग्राम पर आने का फैसला कर लिया है।
ऐश्वर्या 11 मई को इंस्टाग्राम पर अकाउंट बनाएंगी। खबरों की मानें तो वह खुद इस प्लेटफॉर्म नहीं आना चाहती थीं, लेकिन खास दोस्तों करण जौहर और मनीष मल्होत्रा के कहने के बाद वह इसके लिए राजी हो गई।


अभी तक ऐश्वर्या ने सोशल मीडिया से दूरी बनाए रखी थी। मीडिया से बात करते हुए ऐश्वर्या पहले भी कह चुकी हैं सोशल मीडिया को केवल जरूरत के मुताबिक ही इस्तेमाल करना चाहिए, ना कि आप इसी को अपनी जिंदगी बना लें। उन्होंने यह भी कहा था कि सोशल मीडिया के कारण लोग समाज और परिवार से कट जाते हैं और अकेले हो जाते हैं।

हालांकि बाद में ऐश्वर्या ने सोशल मीडिया पर आने के बारे में पॉजिटिव प्रतिक्रियाएं देनी शुरू कर दीं। ऐश्वर्या के एक नजदीकी सूत्र ने मीडिया को बताया, 'ऐश का सोशल मीडिया प्लैटफॉर्म्स जैसे फेसबुक, ट्विटर और इंस्टाग्राम पर बहुत बड़ा फैन बेस है और उनके फैन्स लंबे समय से उनका सोशल मीडिया पर आने का इंतजार कर रहे हैं। फैन्स की इतनी उम्मीदों को देखते हुए अब ऐश्वर्या ने सोशल मीडिया पर आने का फैसला लिया है।' 




कांस फिल्म फेस्टिवल' में अपीरियंस से पहले ऐश्वर्या का यह फैसला उनके फैंस के लिए किसी बड़े तोहफे से कम नहीं है। ऐश्वर्या कांस में 12 मई को रेड कारपेट पर वॉक करेंगी। ऐश्वर्या का यह कांस में 17वां अपीरियंस होगा। इस बार भी सभी की नजरें ऐश्वर्या की ड्रेस पर होंगी। हालांकि कई बार ऐश्वर्या अपनी ड्रेस और लिपस्टिक के रंग को लेकर ट्रोल भी हो चुकी हैं। 

ऐश्वर्या पहली बार 'कांस फिल्म फेस्टिवल' का हिस्सा साल 2002 में बनी थीं। तब से लेकर अब तक वह लगातार अपने आउटफिट से लोगों को इंप्रेस करती आई हैं। पहली बार ऐश्वर्या ने संजय लीला भंसाली और शाहरुख खान के साथ रेड कारपेट पर वॉक किया था। यह मौका उनकी फिल्म 'देवदास' की स्क्रीनिंग का था। 'कांस फिल्म फेस्टिवल' 8 मई से शुरू हो चुका है जो 19 मई तक चलेगा। 



Comments